Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन ने शनिवार को अपना घोषणापत्र ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ जारी किया। पटना में आयोजित कार्यक्रम में सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, सीपीआई(एमएल), सीपीआई और सीपीएम के वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। घोषणापत्र में महागठबंधन ने रोजगार, बिजली, पेंशन और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई बड़े वादे किए हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घोषणापत्र सिर्फ वादों का नहीं, बल्कि ‘प्रण’ का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि “हमारा हर संकल्प बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का है। अगर हमें अपने प्राणों की बाजी भी लगानी पड़ी तो भी इन प्रणों को निभाएंगे।” तेजस्वी ने कहा कि कुछ बाहरी ताकतें बिहार को उपनिवेश बनाना चाहती हैं, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बीजेपी ने उन्हें सिर्फ एक पुतला बनाकर रखा है। अमित शाह खुद कह चुके हैं कि विधायक तय करेंगे कि एनडीए का सीएम कौन होगा। इसका मतलब साफ है कि चुनाव के बाद बीजेपी नीतीश कुमार को सीएम नहीं बनाएगी।”
महागठबंधन के घोषणापत्र की प्रमुख बातें
सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का अधिनियम लाया जाएगा।
20 महीने के भीतर नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू होगी।
सभी जीविका दीदियों को स्थायी कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा, उनका वेतन 30,000 रुपये प्रति माह तय किया जाएगा।
जीविका दीदियों के ऋण पर ब्याज माफ, दो साल तक बिना ब्याज के नया ऋण मिलेगा।
जीविका केंद्र की दीदियों को 2,000 रुपये मासिक भत्ता और अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष को भी मानदेय मिलेगा।
सभी संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
आईटी पार्क, SEZ, डेयरी, एग्रो, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग, रिन्यूएबल एनर्जी, पर्यटन आदि क्षेत्रों में नए रोजगार सृजन का वादा।
महिलाओं के लिए ‘माई बहिन योजना’, जिसके तहत प्रति माह 2,500 रुपये की सहायता दी जाएगी।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1,500 रुपये, हर साल 200 रुपये की वृद्धि।
200 यूनिट फ्री बिजली देने की घोषणा।
पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू किया जाएगा।
2000 एकड़ में एजुकेशनल सिटी का निर्माण किया जाएगा।
वक्फ संशोधन कानून पर रोक लगाई जाएगी और संपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन का आश्वासन दिया गया।
सच्चर समिति की सिफारिशें लागू कर आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े मुस्लिम समुदाय के विकास पर जोर।
बोधगया स्थित बौद्ध मंदिरों का प्रबंधन बौद्ध समुदाय को सौंपा जाएगा।
‘बिहार को फिर पटरी पर लाना है’ – पवन खेड़ा
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि महागठबंधन ने न केवल सीएम चेहरा घोषित किया, बल्कि संयुक्त रूप से घोषणापत्र भी जारी किया, जिससे स्पष्ट है कि कौन बिहार के भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि “पिछले 20 सालों में बिहार विकास की राह से भटक गया है। यह घोषणापत्र हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है और बिहार को फिर से पटरी पर लाने की दिशा में ठोस कदम है।”

