Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव–2025 के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लगातार बिहार से बाहर मौजूदगी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर करारा तंज कसा है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर तेजस्वी यादव को ‘लापता’ बताया है, जिससे सियासी हलकों में नई बहस छिड़ गई है।
बिहार भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी इस पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ ‘लापता’ लिखा गया है। पोस्टर में उनकी पहचान के तौर पर ‘नवमी फेल’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, पोस्टर में यह सवाल भी पूछा गया है कि तेजस्वी यादव को आखिरी बार कब देखा गया था, जिसका जवाब दिया गया है—“मीडिया से मुंह छुपाकर भागते हुए।” भाजपा का यह पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थकों व विरोधियों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को केवल 25 सीटों पर ही जीत मिली, जिसके बाद पार्टी को विपक्ष की भूमिका निभानी पड़ रही है। चुनाव परिणाम आने के बाद तेजस्वी यादव ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायक पद की शपथ ली थी, लेकिन इसके बाद वे सत्र के शेष दिनों में सदन में नजर नहीं आए। उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
भाजपा का आरोप है कि विपक्ष का नेता होने के बावजूद तेजस्वी यादव अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से बचते नजर आ रहे हैं। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस तरह के सोशल मीडिया पोस्टरों के जरिए विपक्ष को घेरने और उसे जनता के बीच कमजोर दिखाने की रणनीति अपना रही है। इससे सत्ताधारी दल को राजनीतिक बढ़त मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
हालांकि, भाजपा द्वारा जारी पोस्टर को कुछ लोग राजनीतिक व्यंग्य और हास्य के तौर पर भी देख रहे हैं। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि यह मामला फिलहाल बिहार की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है और आने वाले दिनों में इसका असर विधानसभा की कार्यवाही और विपक्ष की भूमिका पर साफ नजर आ सकता है।

