East Champaran News:- बिहार-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल में हाल ही में हुई हिंसा और जेल ब्रेक की घटना के बाद फरार हुए पांच कैदियों को एसएसबी ने भारत में प्रवेश करने से पहले ही धर दबोचा। सभी कैदी नेपाल के रौतहट जिले के गौर जेल से भागे थे और भारत की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे।
एसएसबी की 20वीं बटालियन के कमांडेंट गिरीशचंद्र पांडेय ने बताया कि जवानों को महुलिया बॉर्डर के पास गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद सख्त जांच अभियान चलाया गया, जिसमें सभी फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए सभी कैदी नेपाल के निवासी हैं।
गिरफ्तार कैदियों की पहचान रौतहट जिले के गौर गढ़वा वार्ड नंबर-5 निवासी विश्वनाथ यादव, रवि यादव, राहुल राय यादव, चंद्रानिगाहपुर के सूरज राय और गरुवा निवासी राम विनोद प्रसाद के रूप में हुई है। सभी को पकड़ने के बाद कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि नेपाल में कुछ दिनों पहले हुई हिंसक घटनाओं के बीच गौर जेल से कई कैदी फरार हो गए थे। इनमें से ये पांच कैदी भारत की सीमा में प्रवेश कर छिपने की कोशिश कर रहे थे। एसएसबी के सतर्क जवानों ने न केवल सीमा पार कर रहे कैदियों को रोका बल्कि सीमा सुरक्षा की गंभीरता को भी एक बार फिर साबित किया।
एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में गश्ती और जांच को और सख्त किया गया है ताकि नेपाल से भागकर आने वाले अपराधियों को रोका जा सके। वहीं, इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को लेकर लोगों में भरोसा और बढ़ा है।

