दूसरे चरण में 3.7 करोड़ वोटर करेंगे 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
बिहार विधानसभा चुनाव : नीतीश मंत्रिमंडल के कई दिग्गजों की साख दांव पर
Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के दूसरे चरण के लिए प्रचार रविवार शाम थम गया। इस चरण में कुल 20 जिलों की 122 सीटों पर 11 नवम्बर को मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवम्बर को 121 सीटों पर सम्पन्न हो चुका है।
दूसरे चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक करोड़ 95 लाख 44 हजार पुरुष और एक करोड़ 74 लाख 68 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। इस चरण में 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें सबसे अधिक 22-22 उम्मीदवार कैमूर के चैनपुर, रोहतास के सासाराम और गया शहर सीट से मैदान में हैं। वहीं, सबसे कम 5-5 उम्मीदवार लोरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी विधानसभा क्षेत्रों में हैं।
दूसरे चरण में मतदान के लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5,326 शहरी क्षेत्र में हैं। इस चरण में 7 लाख 69 हजार 356 प्रथम बार वोट डालने वाले मतदाता, 943 थर्ड जेंडर, और 43 एनआरआई मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 6,255 शतायु मतदाता और 63,373 सेवा मतदाता भी अपने मत का प्रयोग करेंगे।
इस चरण में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें विजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), लेसी सिंह (धमदाहा), रेणु देवी (बेतिया), शीला मंडल (फुलपरास) और जमा खान (चैनपुर) जैसे मंत्री शामिल हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान दोनों गठबंधनों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नीतीश कुमार और योगी आदित्यनाथ ने एनडीए प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं कीं। वहीं, तेजस्वी यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे ने महागठबंधन के लिए प्रचार किया। इसके अलावा प्रशांत किशोर, मायावती और असदुद्दीन ओवैसी ने भी अपने दलों के प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं।
इस खबर को भी पढ़ें : पति से विवाद के बाद पत्नी ने तीन वर्षीय बच्ची संग कुएं में लगाई छलांग, दोनों की दर्दनाक मौत
इस खबर को भी पढ़ें : आस्था का सम्मान, विकास और गरीबों का कल्याण केवल एनडीए ही कर सकता है – योगी आदित्यनाथ

