Patna News:- बिहार में नई सरकार का गठन गुरुवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जदयू नेता नीतीश कुमार ने सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया।
नई एनडीए सरकार में कुल 26 मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिनमें भाजपा से 14, जदयू से 8, लोजपा (रामविलास) से 2, जबकि हम और रालोमा से एक-एक मंत्री बनाए गए। मंत्रियों का चयन जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिसमें दलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा, सवर्ण और अल्पसंख्यक वर्गों को प्रतिनिधित्व मिला है।
भाजपा कोटे में सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, नितिन नवीन, मंगल पांडे, श्रेयसी सिंह सहित 14 नेताओं ने शपथ ली। इन मंत्रियों में कुशवाहा, भूमिहार, यादव, राजपूत, पासवान, बनिया, ब्राह्मण, कायस्थ और अति पिछड़ा वर्ग के नेता शामिल हैं।
जदयू कोटे से अशोक चौधरी, लेसी सिंह, सुनील कुमार, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, विजय चौधरी, मदन साहनी और जमा खान ने शपथ ली। यह सूची दलित, यादव, कुर्मी, राजपूत, मल्लाह और मुस्लिम समुदाय के संतुलन को दर्शाती है।
लोजपा (आर) की ओर से संजय पासवान और संजय सिंह को मंत्री बनाया गया है। साथ ही ‘हम’ के संतोष सुमन और रालोमा के दीपक प्रकाश को भी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है।
एनडीए कैबिनेट के जातीय संयोजन में दलित 5, राजपूत 4, कुशवाहा 3, भूमिहार 2, कुर्मी 2, यादव 2, वैश्य 2, मल्लाह 2 और ब्राह्मण, कायस्थ, मुस्लिम व ईबीसी से एक-एक मंत्री शामिल किए गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री मौजूद थे। बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, मंत्री, राजनीतिक कार्यकर्ता और आमजन इस समारोह के साक्षी बने।

