JPSC Exam 2025 : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 यानी 14वीं JPSC को लेकर चल रहा उम्र सीमा विवाद अब कानूनी मोड़ पर अहम पड़ाव पर पहुंच गया है. झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 01/2026 में अधिकतम उम्र सीमा की कट-ऑफ तिथि 1 अगस्त 2026 तय की गई थी, जिसे चुनौती देते हुए करीब 200 से अधिक अभ्यर्थियों ने याचिका दायर की थी. इस मामले की सुनवाई झारखंड उच्च न्यायालय में हुई, जहां न्यायमूर्ति आनंद सेन की अदालत ने याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत देते हुए ऑफलाइन आवेदन की अनुमति देने का निर्देश दिया.
कट-ऑफ तिथि को लेकर उठे सवाल
अभ्यर्थियों का तर्क है कि आयोग द्वारा परीक्षाएं नियमित रूप से आयोजित नहीं की गईं, जिसके कारण कई योग्य उम्मीदवार बिना परीक्षा दिए ही उम्र सीमा पार कर गए. याचिकाकर्ताओं ने अदालत में दलील दी कि यदि समय पर परीक्षाएं होतीं तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती. उन्होंने मांग की कि अधिकतम उम्र सीमा की गणना 1 अगस्त 2018 से की जाए, ताकि परीक्षा में देरी का खामियाजा उम्मीदवारों को न भुगतना पड़े. अदालत ने इस तर्क को गंभीरता से लेते हुए फिलहाल याचिकाकर्ताओं को राहत प्रदान की है.
Read More : Jharkhand में सड़क हादसों पर ब्रेक: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बड़ा एक्शन प्लान लागू
विधानसभा से लेकर अदालत तक गूंजा मुद्दा
उम्र सीमा का यह विवाद सिर्फ अदालत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विधानसभा में भी गूंज उठा. विपक्ष और सत्ता पक्ष के कई विधायकों ने इस मुद्दे को उठाया. विशेष रूप से प्रदीप यादव ने कट-ऑफ उम्र सीमा पर पुनर्विचार की मांग की. संसदीय कार्य मंत्री ने भी आश्वासन दिया कि सरकार इस विषय पर गंभीर है. अब हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो उम्र सीमा विवाद के कारण अब तक आवेदन नहीं कर पा रहे थे.
