East Champaran :- दीपावली नजदीक आते ही रक्सौल में पटाखों की अवैध डंपिंग का कारोबार तेजी पकड़ने लगा है। मुनाफे के लालच में कुछ कारोबारी सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बारूद से सने इस खतरनाक धंधे में जुट गए हैं।
शहर के वार्ड नंबर 12 स्थित पुराना पोखरा रोड पर बड़ी मात्रा में पटाखों के भंडारण का मामला सामने आया है। यह स्थिति तब है जब पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, पटेल पथ रोड, बैंक रोड, पोस्ट रोड और मेन रोड पर भी कई जगह बिना अनुमति के पटाखा दुकानें संचालित की जा रही हैं। रिहायशी इलाकों में इस तरह का कारोबार हादसे को दावत देने जैसा है।
अग्निशमन पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सभी पटाखा दुकानदारों के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध पटाखा दुकानों और गोदामों पर त्वरित छापेमारी कर कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

