Araia News:- भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बथनाहा थाना पुलिस और एसएसबी 56वीं वाहिनी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को दोनों बलों की संयुक्त कार्रवाई में चकोरवा पुल के पास से तस्करी का करीब 85 किलो गांजा बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इसी दौरान चकोरवा पुल के पास संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षा बलों को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन वे गांजा छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए।
बताया जा रहा है कि तस्कर नेपाल से गांजा लाकर भारत के विभिन्न इलाकों में खपाने की फिराक में थे। सीमा के नजदीक सतर्कता के कारण उनकी योजना नाकाम हो गई। एसएसबी की ओर से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त गांजा बथनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
इधर, फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साह ने बताया कि तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस और एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा

