Nalanda News:- बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के भीतर बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है। नगर अध्यक्ष महताब आलम गुड्डू ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने पद से इस्तीफा देते हुए सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी। इस कदम ने चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान महताब आलम गुड्डू ने पार्टी के बाहरी प्रत्याशी उमैर खान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उमैर खान शहर के कुछ तथाकथित दलालों के दबाव में काम कर रहे हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं करते। गुड्डू ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम 20 वर्षों से तन, मन और धन से कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं, लेकिन उमैर खान ने कभी हमारी मेहनत और समर्पण की कद्र नहीं की।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहर के कुछ लोगों ने मोहल्लों के वोट दिलाने का काम पैसों के बदले ठेके पर ले रखा है, जिससे पार्टी की विचारधारा और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। नाराज होकर उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ सामूहिक त्यागपत्र दे दिया।
महताब ने कहा कि वे और उनके समर्थक अब चुनाव से ठीक एक दिन पहले तय करेंगे कि किस उम्मीदवार को समर्थन देना है। इस दौरान मो. अबू साले, मो. नाहिद, मोहम्मद आदिल, मो. वसीम, मो. बेताब अली, मो. सरफुद्दीन, मो. कल्लू और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब चुनावी माहौल चरम पर है। इस सामूहिक इस्तीफे ने कांग्रेस की स्थिति को कमजोर कर दिया है और विपक्षी दलों के लिए यह एक बड़ा मौका बनकर उभर सकता है।

