Pakur News:- झारखंड के पाकुड़ जिले के बेलपहाड़ी गांव स्थित खदान विवाद अब हिंसा का रूप ले चुका है। खदान संचालन को लेकर हुए टकराव में हुई फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
घटना के अनुसार, बेलपहाड़ी क्षेत्र में खदान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने ग्रामीण मनोहर यादव समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान लाठी-डंडों के साथ-साथ हथियारों का इस्तेमाल किया गया और फायरिंग भी की गई। इस मामले में हिरणपुर थाना में कांड संख्या 105/25 दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धाराएं भी शामिल की गई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक ने एसआईटी (विशेष जांच दल) और छापेमारी टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उनसारूल शेख उर्फ अरुण (22) और दिलवर हुसैन (26) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पाकुड़ जिले के ही निवासी हैं।
हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में बनी टीम में अनुसंधानकर्ता गोपाल कुमार महतो, गौरी शंकर प्रसाद, गौतम कुमार, संजीव कुमार झा (तकनीकी शाखा), दिलीप कुमार, किशोर कुमार टुडू समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और शांति बहाल बनी रहे।

