Ranchi News:- अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रांची पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक किलो गांजा और 2 लाख 71 हजार रुपये नकद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में गांजा की अवैध खरीद–फरोख्त की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मधुकम रूगढ़ीगड़ा इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक किलोग्राम गांजा बरामद किया। साथ ही गांजा की बिक्री से अर्जित 2 लाख 71 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नुतून लिंडा उर्फ मिथुन और अमन जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से गांजा तस्करी के अवैध धंधे में संलिप्त थे और स्थानीय स्तर पर इसकी खरीद–बिक्री कर रहे थे।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी प्रकाश सोए ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद गांजा और नकद राशि को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा गांजा की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

