Dhanbad News:- कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह बड़े पैमाने पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे से शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई प्रिंस खान के गुर्गों के साथ-साथ उसे आर्थिक और अन्य तरह से सहयोग करने वालों के खिलाफ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वासेपुर, पांडरपाला और भूली क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई। इस विशेष अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी स्वयं कर रहे हैं। छापेमारी में डीएसपी स्तर के कई अधिकारी, थानों की पुलिस के अलावा भारी संख्या में सुरक्षा बलों को लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पांडरपाला थाना क्षेत्र के भट्ठा मुहल्ला में जमीन कारोबारी मो कैश के आवास पर पुलिस ने तलाशी ली। वहीं, पांडरपाला इलाके में ही फल कारोबारी वसीम के घर पर भी पुलिस की टीम पहुंची और घंटों तक जांच की। इसके साथ ही वासेपुर के आरा मोड़ स्थित उसकी फल दुकान को भी खंगाला गया। वासेपुर के गुलजारबाग क्षेत्र में बाबु खान के घर पर भी पुलिस ने दबिश दी, जहां दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़ी जानकारियों की जांच की गई।
इस दौरान जानवरों के कारोबार से जुड़े नदीम खान और शाहरुख को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान कुछ ठिकानों से नकदी भी बरामद हुई है, जिसकी जांच की जा रही है कि उसका संबंध किसी आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रिंस खान को सहयोग देने वाले सफेदपोश लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे। इसी कड़ी में यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में छापेमारी का यह सिलसिला और तेज हो सकता है।

