Palamu News:- जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। शनिवार को पांकी और मनातू थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 9 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। इस कार्रवाई से अफीम तस्करों और अवैध खेती में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पांकी थाना क्षेत्र में कुल 5 एकड़ भूमि पर अवैध अफीम की खेती पाई गई। पांकी के जोबला स्थित जंगली इलाके में ताल पिकेट के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने छापेमारी कर वन भूमि पर करीब 2 एकड़ में लगी अफीम की खेती को चिन्हित किया और तत्काल नष्ट कर दिया। इसके बाद ग्राम मुक्ता के जंगलों में भी लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में अफीम की खेती पाए जाने पर उसे भी पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि अवैध अफीम की खेती करना कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इसके सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई।
वहीं, मनातू थाना क्षेत्र के अपटी जंगली इलाके में भी पुलिस और संबंधित विभागों के संयुक्त अभियान के तहत करीब 4 एकड़ में लगी अफीम की फसल को शुरुआती अवस्था में ही नष्ट कर दिया गया। यहां ट्रैक्टर की मदद से फसल को खेत में ही जोत दिया गया।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ड्रोन कैमरे की सहायता से इन इलाकों में अवैध अफीम की खेती वाले स्थलों की पहचान की गई थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की गई, ताकि मादक पदार्थों का उत्पादन प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में संलिप्त लोगों की पहचान और नाम-पता सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वन विभाग द्वारा वन अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

