Chatra News:- झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब छह लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद की है। इस सफलता की जानकारी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप सुमन के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुड़ाग जंगल इलाके में छापेमारी कर तस्करों को रंगेहाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 31.19 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर के अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई आई-20 कार और विभिन्न कंपनियों के पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान रूपेश कुमार दांगी (निवासी मंघनीया गांव, मयूरहंड थाना क्षेत्र), नीरज कुमार यादव, प्रकाश कुमार दांगी और लक्ष्मण कुमार दांगी (तीनों ढोढ़ी गांव, मयूरहंड थाना क्षेत्र) तथा राकेश कुमार दांगी (लोवागड़ा गांव, सदर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सभी आरोपी अफीम और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में लंबे समय से संलिप्त थे। इनके नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को चतरा पुलिस की सतर्कता, मजबूत गुप्त सूचना तंत्र और नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

