Dhanbad News:- झरिया के बोरागढ़ ओपी क्षेत्र स्थित बीएनआर कॉलोनी में छठ पूजा के अवसर पर लगे मेले में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में स्थापित तारा माची का झूला अचानक टूट गया, जिससे उसमें सवार दो महिलाएं और एक पुरुष नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले झरिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
झूला टूटने की घटना के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने झूला संचालक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही बोरागढ़ ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने झूला संचालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल झूले के टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस व प्रशासन यह पता लगा रहे हैं कि झूले को संचालित करने की अनुमति, सुरक्षा मानक और तकनीकी जांच पूरी की गई थी या नहीं।

