आरा में जैन कॉलेज के पास वारदात, मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने मारीं 6-7 गोलियां; एसपी ने जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा
Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामकुमार सिंह के रूप में हुई है। वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान जैन कॉलेज के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि उन्हें छह से सात गोलियां मारी गईं। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

जैन कॉलेज के पास घेरकर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, रामकुमार सिंह प्रतिदिन सुबह टहलने के लिए घर से निकलते थे। उनका रास्ता जैन कॉलेज होते हुए रमना मैदान की ओर जाता था। गुरुवार की सुबह भी वह इसी रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान जैन कॉलेज के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।शहर के व्यस्त इलाके में सुबह-सुबह हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
रामकुमार सिंह कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वह रोटरी क्लब के पूर्व सचिव रह चुके थे और वर्तमान में भी क्लब से जुड़े हुए थे। उनका एक क्षत्रिय संगठन से भी जुड़ाव बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पत्नी और बेटे ने भी पुलिस को जमीन विवाद की बात बताई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परिवार की ओर से दिए जाने वाले आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा भी दिया। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने, हत्या के कारणों का पता लगाने और संभावित विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।




