Patna News:- कटिहार जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की तैयारी के बीच बड़ा हादसा हो गया। कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 विषहरी स्थान पर बेरिकेटिंग का काम कर रहे दो मजदूरों को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मजदूर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई
मृतकों की पहचान मो. हनीफ (48) और मो. गुलजार (24) के रूप में हुई है। दोनों चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 27 सितंबर को समेली प्रखंड कार्यालय आने वाले हैं। इसके लिए बुधवार देर रात लगभग 40 मजदूर एनएच किनारे बेरिकेटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो ने मजदूरों को कुचल दिया और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने सड़क पर हंगामा करते हुए एनएच-31 को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक पूर्णियां-बरौनी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
मजदूर साथी की मौत से गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग उठाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। उधर, प्रशासन ने को उचित सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

