Nalanda News:- नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के बडीहा गांव में पुलिस ने शनिवार की रात अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने तीन देशी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो खोखा बरामद किए हैं। इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। इसके बाद सीएपीएफ के साथ पुलिस टीम गांव पहुंची और सबसे पहले मुन्ना भगत के घर की तलाशी ली। यहां दो नाबालिग लड़कों के पास से कारतूस और मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद घर के पीछे स्थित झोपड़ी में छापेमारी की गई, जहां से एक लोडेड देशी कट्टा और कारतूस मिले। तलाशी के दौरान मुन्ना भगत के दूसरे मकान से एक और कट्टा बरामद किया गया।
इसी क्रम में गांव के ही लक्ष्मण कुमार और शत्रुध्न कुमार के घरों की तलाशी ली गई। घर से एक लोडेड कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों सगे भाई हैं, और इनके भाई पर पहले भी थानाध्यक्ष अवधेश कुमार की हत्या के मामले में गोली चलाने का आरोप लग चुका है।
सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नगरनौसा थाना में कांड संख्या 276/25 दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनावी माहौल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

