Bangalore News:- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेंगलुरु भगदड़ हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को बड़ी राहत दी है। टीम ने घोषणा की है कि वह प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। गौरतलब है कि आरसीबी ने 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर आईपीएल 2025 का खिताब जीता था। यह जीत फ्रेंचाइजी के 18 साल के लंबे इंतजार को खत्म करने वाली साबित हुई। इसके बाद 4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत का जश्न आयोजित किया गया। इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए थे।
शनिवार को आरसीबी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर बयान जारी करते हुए कहा, “4 जून 2025 का दिन हमेशा हमारे दिल को तोड़ने वाला रहेगा। हमने अपने आरसीबी परिवार के 11 सदस्यों को खो दिया। वे हमारे शहर, समुदाय और टीम का अभिन्न हिस्सा थे। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।”
आरसीबी ने कहा कि यह मदद केवल वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि करुणा, एकता और देखभाल का प्रतीक है। टीम ने यह भी ऐलान किया कि इस पहल को आगे बढ़ाते हुए “आरसीबी केयर्स” अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रशंसकों की स्मृति में दीर्घकालिक कार्यक्रम और कल्याणकारी कार्य किए जाएंगे।
इस घोषणा के बाद आरसीबी प्रशंसकों ने टीम की इस मानवीय पहल की सराहना की है और कहा कि यह कदम खेल और समाज के बीच गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।
