Jasmshedpur News:- जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशीकुदर लुआबासा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना 18 जुलाई की बताई जा रही है, जबकि पीड़िता ने 24 जुलाई को थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी ससुर भागीरथ लोहार को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता की शादी एक वर्ष पूर्व साहिल लोहार से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के संबंध तनावपूर्ण रहे, और फिलहाल बहू तलाक की प्रक्रिया में है। इसी बीच, ससुर पर यौन शोषण की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पहले इस मामले को पंचायत में सुलझाने की कोशिश की, लेकिन समाधान नहीं निकलने के कारण उसने थाने का रुख किया।
पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी बताया गया कि पीड़िता ने अपने मायके में गर्भपात करवाया था, जो परिजनों की सहमति से हुआ। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
वहीं, आरोपी भागीरथ लोहार ने पुलिस के समक्ष सभी आरोपों को निराधार बताया है और खुद को साजिश के तहत फंसाने की बात कही है। गोविंदपुर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ जारी है।

