Jamshedpur News: जिले की बहरागोड़ा पुलिस ने बहुमूल्य रत्न पन्ना की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप कुछ लोग कीमती पन्ना की खेप लेकर सौदा करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों के पास खड़े तीन युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपित विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से सफेद प्लास्टिक में पैक 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 2300 रुपये नकद भी जब्त कर लिए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुराकाटी निवासी विनय पातर, सिद्धेश्वर कालिंदी तथा श्यामासुन्दरपुर निवासी स्नेहाशिश मंगराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपित विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में गुड़ाबांदा थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद पन्ना की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है और इसे किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था।
एसपी शुभम खंडेलवाल ने कहा कि जिले में बहुमूल्य रत्नों और खनिजों की अवैध तस्करी पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ के साथ बहरागोड़ा थाना के सह थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


