Nalanda News:- जिले के चंडी थाना क्षेत्र के जैतीपुर–हरनौत मार्ग पर दौलतपुर गांव के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में चंडी प्रखंड के मनियारपुर गांव निवासी रंजन कुमार का 15 वर्षीय पुत्र आयुष्मान कुमार और दूसरी बाइक पर सवार पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भुआपुर गांव निवासी मिकू कुमार की मौत हुई है।
परिजनों के अनुसार, सूरज कुमार नई बाइक (आर–वन) की पूजा कराने जगदंबा स्थान गए थे। उनके साथ आयुष्मान और रविकांत भी था। पूजा के बाद लौटते समय ट्रक से बचने के चक्कर में उनकी बाइक सामने से आ रही पल्सर से टकरा गई। पल्सर पर मिकू अपनी पत्नी के साथ सवार थे और जहानाबाद जिले के टेहटा गांव स्थित ससुराल जा रहे थे।
आयुष्मान की मौत मौके पर ही हो गई।
मिकू की मौत इलाज के दौरान हुई।
मिकू की पत्नी, सूरज और रविकांत घायल हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आयुष्मान अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, मिकू की पहचान बाइक नंबर से हो पाई क्योंकि हादसे के वक्त उनकी पत्नी अचेत थीं।
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। घायलों का इलाज चंडी रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

