Ranchi News:- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृतियों में डूबे हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
हेमंत सोरेन ने लिखा, “बाबा दिशोम गुरु के हर सपने को पूरा करेगा उनका बेटा। हमारे वीर पुरुखों का संघर्ष और बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।” उन्होंने अपने पोस्ट में वीर शहीद निर्मल महतो को भी श्रद्धांजलि दी और कहा कि झारखंड की धरती वीरों और क्रांतिकारियों की भूमि है। उन्होंने लिखा, “इस वीर भूमि के वीर माटी पुत्र, महान झारखंड आंदोलनकारी, अमर वीर शहीद निर्मल महतो जी के शहादत दिवस पर शत-शत नमन। वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहें। झारखंड के वीर अमर रहें।”
गौरतलब है कि 5 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। परिवार और अनुयायियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत तीन कर्म का आयोजन किया जा चुका है। अब 15 अगस्त को दशकर्म और 16 अगस्त को एकादश संस्कार संपन्न होंगे।
रामगढ़ जिला प्रशासन देशभर से आने वाले अनुयायियों, राजनीतिक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत और व्यवस्थाओं के लिए विशेष तैयारियों में जुटा है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, आवास और यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार की है।
शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार रामगढ़ जिले के गोला अंचल अंतर्गत उनके पैतृक गांव नेमरा में किया गया था। अब श्राद्ध कर्म भी वहीं हो रहा है, जहां देशभर से उनके समर्थक और अनुयायी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
