Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर–नावाडीह–रमकंडा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजबेदवा पुलिया के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं सहित एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संकीर्ण सड़क पर सामने से आ रही एक कार को साइड देने के दौरान ऑटो चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद ऑटो चालक और उसके साथ बैठा एक अन्य युवक मौके से फरार बताए जाते हैं। घायल सभी लोग गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सी गांव के निवासी हैं। बताया गया कि सभी अंधविश्वास के चलते झाड़-फूंक कराने देवास (भूत-प्रेत बाधा ठीक कराने) जा रहे थे।
घायलों में पिपराही के भटवाजरही निवासी विगान परहिया, उनकी पत्नी दुखनी देवी, बहू किरण देवी (पति सोनू परहिया) और बेटी अकली देवी (पति लखन परहिया) शामिल हैं। वहीं ऑटो में सवार एक अन्य महिला सविता देवी इस हादसे में बाल-बाल बच गई।
सविता देवी ने बताया कि मंगलवार को पिपराही के भटवाजरही निवासी हरीलाल यादव का ऑटो 800 रुपये में बुक कर सभी लोग झाड़-फूंक कराने के लिए निकले थे। जैसे ही वे सूरजबेदवा पुलिया के पास पहुंचे, सामने से आ रही कार को साइड देने के दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और 108 पर कॉल कर एम्बुलेंस मंगवाई। सूचना मिलने पर नावाडीह पंचायत के मुखिया दयानंद प्रसाद और थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को थाना लाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

