Giridih News:- झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तिसरी थाना क्षेत्र के हथियागढ़ घाटी में श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान पंचरूखी गांव निवासी 35 वर्षीय ऑटो चालक शनिचर धोबी और 30 वर्षीय रुक्मणि देवी पत्नी जागेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं घायल श्रद्धालुओं में बबिता देवी, देवन्ति देवी, फूलन देवी, सोफा देवी और सुशीला देवी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज धनवार रेफरल अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो में लगभग 14 श्रद्धालु सवार थे। सभी लोग धनवार प्रखंड के पंचरूखी गांव से तिसरी प्रखंड के जमामो स्थित प्रसिद्ध देवी मंदिर में पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक करने के लिए निकले थे। जैसे ही ऑटो हथियागढ़-जमामो रोड स्थित घाटी के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ऑटो पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद श्रद्धालुओं के परिवारों में मातम छा गया है।
गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों में इस दुर्घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की मदद में लगे हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

