Nalanda News:- नालंदा जिले के हरनौत थाना परिसर में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटी, जब सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रामपुकार यादव ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। इस घटना से पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद एएसआई रामपुकार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें पटना स्थित हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने का प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल समेत कई थानों की पुलिस टीम हरनौत थाना पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। एहतियात के तौर पर थाना परिसर का गेट बंद कर दिया गया है ताकि कोई बाहरी व्यक्ति जांच में बाधा न डाल सके।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एएसआई रामपुकार यादव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन पर उच्चाधिकारियों का दबाव था और वे लगातार प्रताड़ना झेल रहे थे। हालांकि पुलिस विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों को समझने के लिए परिजनों और थाना स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है।
यह घटना पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्य के दबाव पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

