Patna news:- बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह बुधवार को बेउर जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। “छोटे सरकार जिंदाबाद”, “मोकामा विधायक कैसा हो, अनंत सिंह जैसा हो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान किया और स्पष्ट किया कि वे जनता दल (यूनाइटेड) के टिकट पर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “नीतीश कुमार अभी 25 साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने जो विकास किया है, उसका कोई मुकाबला नहीं।”तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “ई सब लंदर फंदर में हम नहीं रहते हैं। विरोधी की बड़ाई कोई करता है? नीतीश जी ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सब कुछ ठीक किया है।”
गोलीबारी मामले में मिली जमानत
अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिली है। वे पचमहला थाना कांड संख्या 5/2025 में आरोपी थे। हाईकोर्ट के जस्टिस चंद्रशेखर झा की एकल पीठ ने उन्हें 10 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो जमानतदारों के आधार पर जमानत दी। कोर्ट ने शर्त रखी कि वे नियमित रूप से न्यायिक प्रक्रिया में शामिल रहेंगे और किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।
क्या है मामला?
22 जनवरी 2025 को बाढ़ के पचमहला इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें करीब 100 राउंड गोलियां चलीं। अनंत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर ताला तोड़ा और फिर गोलीबारी हुई। इसके बाद उन्होंने 24 जनवरी को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था।
अब रिहाई के बाद उनके चुनावी मैदान में उतरने से मोकामा की राजनीति गरमा गई है।

