Jamshedpur News :- पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराना बाजार स्थित ‘प्राप्ति ज्वेलर्स’ के मालिक अरुण नंदी से तीन बदमाशों ने उनके घर के बाहर पिस्तौल और चाकू की नोंक पर डेढ़ किलो सोने के जेवर और 50 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया।
यह वारदात चाकुलिया के मिस्त्री पाड़ा में स्थित उनके आवासीय परिसर के बाहर की है, जहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। अरुण नंदी दुकान बंद कर रात करीब 9 बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के मुख्य गेट पर पहुंचे, पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
एक बदमाश ने उनके गले पर चाकू सटा दिया जबकि दूसरे ने पिस्टल उनकी कनपटी पर तान दी। तीसरा बदमाश बाइक स्टार्ट रखे मुख्य सड़क पर खड़ा था। छीना-झपटी में अरुण नंदी स्कूटी से गिर पड़े और बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के समय सड़क किनारे खड़ा एक युवक बदमाशों को रोकने की कोशिश में आगे बढ़ा, लेकिन बदमाशों ने उसे पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले।
सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बंगाल पुलिस को अलर्ट किया। तत्परता से की गई छापेमारी में एक आरोपी को पश्चिम बंगाल के नुनिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अभी फरार हैं। लूट का बैग फिलहाल बरामद नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

