Nalanda News;- तेलमर थाना क्षेत्र के हृदनबीघा मुसहरी गांव में 30 साल की महिला महली देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह सुजीत मांझी की पत्नी थी। परिजनों ने बताया कि पास के गांव मोहन खंधा में बारात आई थी। सुजीत वहां आर्केस्ट्रा देखने गया था। उसने बार बालाओं के साथ कुछ तस्वीरें खिंचवाई थीं। ये तस्वीरें बाद में उसकी पत्नी ने मोबाइल में देख लीं।

तस्वीरें देखकर महली देवी नाराज हो गई। पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ। महिला ने पति पर अवैध संबंध का आरोप लगाया। कुछ देर बहस के बाद पति घर से बाहर चला गया। इसके बाद महली देवी ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
पति जब लौटा तो पत्नी को फंदे से झूलता पाया। वह उसे अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव को लेकर सलेमपुर थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गंगा घाट पहुंचा। वहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद शाह ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। महिला के दो छोटे बच्चे हैं। मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। जांच जारी है।