Koderma News:- जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत तेतरौन चौक पर गुरुवार को हाथी के हमले में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। मृतक की पहचान मरकच्चो प्रखंड के बेलाडीह निवासी 29 वर्षीय सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह चोपनाडीह पंचायत के सलैया पहरी क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान कोडरमा सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ तेतरौन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान स्कूल बस समेत अन्य वाहनों का परिचालन ठप हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीण 20 लाख रुपये मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर अड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जयनगर और आस-पास के क्षेत्रों में पिछले छह माह से हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले पिसपिरो गांव के ननकू यादव की भी हाथी के कुचलने से मौत हो चुकी है। प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ गौतम कुमार, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी बबलू कुमार व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद वन विभाग की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई और शेष 3.75 लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन मिला, तब जाकर जाम हटाया गया।
मौके पर माले नेता इब्राहिम, जिला परिषद सदस्य केदारनाथ यादव, मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र दास समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

