Nawada News:- नवादा जिले के सिरदला प्रखंड में तीन महीनों से राशन नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सिरदला बाजार के दर्जनों कार्डधारी महिलाओं और पुरुषों ने प्रखंड कार्यालय का घेराव कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दीपेश कुमार को कार्यालय में घुसने से रोक दिया।
गुस्साए उपभोक्ताओं ने मुख्य गेट को जाम कर दिया और बीडीओ के पहुंचने का इंतजार करने लगे। जैसे ही बीडीओ कार्यालय पहुंचे, बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। महिलाओं का कहना था कि जब तक भ्रष्ट राशन डीलर पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक बीडीओ को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
कार्डधारियों ने बताया कि तीन माह से उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है। डीलर प्रेमन चौधरी और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गल्ला देने के नाम पर पहले ही मशीन में अंगूठा लगवा लिया जाता है, फिर अलग-अलग बहानों से राशन देने से मना कर दिया जाता है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, बल्कि डीलर की ओर से धमकी दी जाती है।
काफी मान-मनौवल के बाद बीडीओ ने लिखित आवेदन लिया और जांच कराने का आश्वासन दिया। बीडीओ ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को जांच का निर्देश दे दिया गया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि वह फिलहाल पटना में हैं, लेकिन आवेदन वॉट्सएप पर मिल गया है, जल्द ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गोदाम प्रबंधक शुभम कुमार ने कहा कि सभी डीलरों को मई, जून और जुलाई महीने के लिए पर्याप्त अनाज दिया गया था। अगस्त का अनाज भी डोर स्टेप डिलीवरी के तहत डीलरों तक पहुंचाया जा चुका है।

