बेगूसराय।

चोरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के खांजहांपुर में सोमवार को जिस घर से बरात निकालनी थी वहां से पिता की अर्थी निकली। दरअसल पुत्र की शादी के भोज का निमंत्रण अपने पड़ोस गोतिया को नहीं देना उसे भारी पड़ा। पड़ोसी गोतिया के परिवारिक सदस्यों ने ईट पत्थर से पीट-पीटकर शिव कुमार महतो की हत्या रविवार की रात में कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक की पुत्री प्रमिला देवी के साथ भी मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक शिव कुमार महतो के पुत्र विजय कुमार की शादी का रस्म मटकोर रविवार की रात को की जा रही थी। इस दौरान आपसी रंजिश एवं भोज के लिए निमंत्रण नहीं मिलने से आक्रोशित गोतिया परिवार से विवाद हो गया। जिसमें ईट पत्थर से पीट-पीटकर शिव कुमार महतो की हत्या कर दी गई। इस घटना से घर का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। शादी की तैयारी पर ब्रेक लग गया। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी। मालूम हो कि मृतक की पुत्री की शादी समारोह के दौरान भी आरोपियों ने 10 वर्ष पूर्व भी उनके घर में आग लगा दी थी।जिसके कारण रंजीत कायम थी।