Khunti News:- खूंटी जिले में एक सप्ताह पूर्व हुए रंजीत महतो उर्फ टुना हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक की पहली पत्नी सुगी देवी और उसके रिश्तेदार सोनू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसडीपीओ वरुण रजक ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि रंजीत महतो ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली थी। इस बात से नाराज सुगी देवी ने अपने रिश्तेदार सोनू महतो और दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर 31 अक्टूबर को रंजीत की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या के लिए उन्होंने धारदार भुजाली (बड़ा चाकू) का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने अपने कपड़ों को जला दिया था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, पेट्रोल जैसी तरल पदार्थ की बोतल और जले हुए कपड़ों के अवशेष बरामद कर लिए हैं।
इस हत्याकांड में शामिल अन्य दो आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना की पृष्ठभूमि:
रंजीत महतो उर्फ टुना का शव 31 अक्टूबर को कदमा बस्ती से शांतिपुर-अमृतपुर जाने वाली सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया था। वह मूल रूप से सोनाहातू का निवासी था। इस संबंध में मृतक की दूसरी पत्नी रेणु देवी ने खूंटी थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस की तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पहली पत्नी सुगी देवी और उसके भांजे सोनू महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार सोनू महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खूंटी थाना में फिरौती और धमकी देने का एक पुराना मामला (कांड संख्या 152/11) भी दर्ज है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

