Latehar News:- लातेहार जिले के गारू अंचल में पदस्थापित अंचल अमीन मुनिदेव सिंह को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पलामू की टीम ने शुक्रवार को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जमीन को ऑनलाइन करने के नाम पर अवैध राशि की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गारू प्रखंड निवासी विशाल कुमार ने अपनी जमीन ऑनलाइन कराने के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले अंचल अमीन मुनिदेव सिंह ने उनसे सात हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बार-बार की मांग से परेशान होकर विशाल कुमार ने इसकी शिकायत एसीबी के पुलिस अधीक्षक से की।
शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर योजना के तहत सूचक को तय राशि के साथ अंचल अमीन के पास भेजा गया। जैसे ही मुनिदेव सिंह ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, एसीबी की टीम ने मौके पर छापेमारी कर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पलामू ले जाया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

