Nawada News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर प्रशासनिक सख्ती के बीच नवादा जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को रांची से पटना जा रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। जांच के दौरान अमर ज्योति बस (संख्या BR06PE-2551) से 8 पीएम ब्रांड की 240 पेटी बोतल शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग ने बस को जब्त करते हुए चालक, कंडक्टर और खलासी — तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार में मद्य निषेध कानून लागू होने के कारण झारखंड से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह जांच की जा रही थी। उसी दौरान अमर ज्योति बस की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान बस की डिक्की में रखे 12 बेलनाकार प्लास्टिक कंटेनरों में शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। प्रत्येक बेलन में 180 एमएल की बोतलों की खेप थी। बस के चालक रवि भूषण सिंह (पूर्वी चंपारण), कंडक्टर चंदन कुमार (मुजफ्फरपुर) और खलासी शंकर कुमार यादव (मधुबनी) से पूछताछ में पता चला कि शराब की यह खेप हजारीबाग से लोड होकर बख्तियारपुर पहुंचाई जानी थी।
हालांकि बस स्टाफ को लोड करने वाले व्यक्ति का नाम व पता नहीं मालूम था, केवल बख्तियारपुर में अनलोड करने वाले का मोबाइल नंबर दिया गया था। उत्पाद विभाग ने तीनों आरोपितों को बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उत्पाद एएसआई पंकज कुमार साव, गृह रक्षक जवानों एवं अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चुनाव के बीच इस बड़ी बरामदगी ने प्रशासन की सतर्कता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

