झारखंड से लायी जा रही शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही थी उत्पाद विभाग की टीम, पावापुरी-गिरियक के पास वारदात; हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी
Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले में शराब तस्करों को पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

गुप्त सूचना पर तस्करों का पीछा कर रही थी टीम
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय के एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। इसके बाद पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों का पीछा शुरू किया।
शराब से लदी पिकअप नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी थी। टीम लगातार वाहन का पीछा करते हुए नालंदा पहुंची। इसी दौरान पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास पुलिसकर्मियों ने पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की।
लाइनर ने अचानक चला दी गोली
बताया जा रहा है कि तस्करों की मदद के लिए रेकी कर रहा एक लाइनर अचानक पुलिस टीम पर गोली चलाने लगा। इस दौरान सिपाही अजीत कुमार को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनका सहयोगी लाइनर पिकअप समेत फरार हो गए।
पटना में इलाज के दौरान मौत
घायल सिपाही को साथी पुलिसकर्मी तत्काल पावापुरी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पटना में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस फरार शराब तस्करों, गोली चलाने वाले लाइनर और शराब लदी पिकअप की तलाश में जुटी है। इस घटना ने राज्य में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


