Darbhanga News:- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को दरभंगा के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार पर तीखे हमले किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि सभा में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि इस बार बिहार की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि बिहार से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विदाई तय है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह “इस्तेमाल करने वाली पार्टी” है जो पहले लोगों का उपयोग करती है और बाद में उन्हें बर्बाद कर देती है।
उन्होंने बिहार में पलायन मुद्दे को उठाते हुए कहा, “आज भी लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जा रहे हैं, इसकी जिम्मेदार भाजपा है। लेकिन इस बार बिहार की जनता भाजपा का ही पलायन कराने जा रही है और तेजस्वी यादव युवाओं को नौकरी देंगे।”
अखिलेश ने यूपी के संदर्भ में कहा कि जिस तरह अवध क्षेत्र में जनता ने भाजपा को हराया है, उसी तरह अब बिहार के मगध में भी भाजपा की हार निश्चित है।
सोने के बढ़ते दामों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “सोना कहां पहुंच गया है। अगर हमारी बहन-बेटी की शादी होगी तो क्या हम सामान्य लोग छोटी से छोटी चीज भी दे पाएंगे?” इसके जरिए उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि बिहार का चुनाव परिणाम दिल्ली तक झटका देगा। “यह सरकार अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं। भाजपा की कई टीमें मैदान में हैं – एक ए टीम, एक बी टीम और अब पी टीम भी। इन सबसे सावधान रहना होगा।”
सभा में अखिलेश के बयान पर समर्थकों ने जमकर तालियां बजाईं और सपा-राजद गठजोड़ के पक्ष में नारे लगाए।

