Patna News:- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सारण जिले के रिविलगंज में चुनावी सभा को संबोधित किया। यह सभा छपरा विधानसभा सीट से महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव के समर्थन में आयोजित की गई थी।
सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश की राजनीति जब भी संकट में आई है, बिहार ने हमेशा नई दिशा दी है। अब फिर से समय आ गया है कि बिहार देश को बचाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने दावा किया कि अगर खेसारी लाल यादव जीतते हैं, तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और राज्य में नई शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में युवाओं का पलायन रुकेगा, बल्कि भाजपा को राज्य से पलायन करना पड़ेगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई और जीएसटी के मुद्दे पर जनता को धोखा दे रही है। “महंगाई आसमान छू रही है, लेकिन सरकार जीएसटी का उत्सव मना रही है,” उन्होंने कहा।
अखिलेश यादव ने वादा किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी या रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देने की भी बात कही।
सभा के अंत में समाजवादी पार्टी प्रमुख ने जनता से अपील की कि वे खेसारी लाल यादव के पक्ष में मतदान कर महागठबंधन को मजबूत करें और बिहार की राजनीति में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करें।

