Jamshedpur News:- झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “घाटशिला का असली मुख्यमंत्री जनता है, उसकी ताकत ही हमारी ताकत है।” उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि इस बार जनता ऐसा जनादेश देगी कि विरोधियों का खाता भी नहीं खुलेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में भावुक लहजे में गुरुजी शिबू सोरेन और पूर्व मंत्री रामदास सोरेन को याद किया। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब झारखंड ने अपने मार्गदर्शक खो दिए हैं। हेमंत सोरेन ने कहा, “रामदास दादा के कई सपने घाटशिला से जुड़े थे। वे चाहते थे कि यहां के लोग खुशहाल रहें। अब उनकी अधूरी इच्छाओं को पूरा करना सोमेश सोरेन और घाटशिला की जनता की जिम्मेदारी है।”
भाजपा और विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे घाटशिला में जितने भी मुख्यमंत्री उतार दें, जनता की शक्ति के आगे वे टिक नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादों से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता अब सब जान चुकी है।
हेमंत सोरेन ने जनता से अपील की कि वे इस उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार को भारी मतों से जीत दिलाएं ताकि घाटशिला के विकास का सपना साकार हो सके।
गौरतलब है कि घाटशिला उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को। उपचुनाव में झामुमो और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।

