Ranchi News:- राजधानी रांची के बरियातू स्थित आरपीएस अस्पताल में दो नवजात बच्चों की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
परिजनों का आरोप – लापरवाही से गई बच्चों की जान
जानकारी के मुताबिक, एक गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे जुड़वां बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की लापरवाही के कारण यह मौतें हुई हैं। परिजनों का कहना है कि समय पर सही इलाज और देखभाल नहीं दी गई, जिसके चलते दोनों बच्चों की जान चली गई।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अपनी सफाई पेश की। आरपीएस अस्पताल के डॉक्टर एस. सिंह ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चों की मौत डॉक्टरों की गलती से नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जुड़वां बच्चों की जान आयोडीन की कमी और खून की कमी (एनीमिया) के कारण गई है। डॉक्टर ने यह भी कहा कि अस्पताल की टीम ने पूरी गंभीरता से इलाज किया और सभी जरूरी चिकित्सा प्रक्रियाओं का पालन किया।
पुलिस ने संभाला हालात
सूचना पर बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें घर भेजा। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन जहां डॉक्टरों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं प्रबंधन मौत को प्राकृतिक कारण बता रहा है।

