Araia News:- बिहार विधानसभा चुनाव के बीच अररिया जिले के फारबिसगंज में अनुमंडल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात करीब 10 बजे होटल ज्योति परिसर स्थित दो साइबर कैफे में छापेमारी कर 36 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई। यह कार्रवाई आदर्श आचार संहिता के तहत गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
छापेमारी टीम में फारबिसगंज एसडीएम एवं निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा और थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह शामिल थे। टीम ने पुलिस बल के साथ जियो साइबर कैफे और कैलाश साइबर कैफे पर छापा मारा। जियो साइबर कैफे से 18 लाख 55 हजार 610 रुपये और कैलाश साइबर कैफे से लगभग 18 लाख 17 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि यह राशि चुनाव में अवैध रूप से खर्च करने के लिए मंगाई गई थी और मनी ट्रांसफर के माध्यम से इकट्ठी की गई। फिलहाल, पुलिस साइबर कैफे संचालकों से पूछताछ कर रही है और पैसों के स्रोत की जांच में जुटी है। जियो साइबर कैफे के संचालक सुधीर चौधरी और प्रभाष कुमार, जबकि कैलाश साइबर कैफे के संचालक कैलाश कुमार बताए जा रहे हैं।
एसडीएम रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि कुल लगभग 35 लाख 20 हजार रुपये की बरामदगी की पुष्टि हुई है। जब्त की गई राशि को सुरक्षित प्रशासनिक अभिरक्षा में रखा गया है और आयकर विभाग को इसकी पूरी जानकारी दे दी गई है। वहीं, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने कहा कि मनी ट्रांसफर की पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस धनराशि का उपयोग चुनावी गतिविधियों में तो नहीं किया जाना था।
यह कार्रवाई चुनावी पारदर्शिता बनाए रखने और आचार संहिता के पालन को सख्ती से सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

