New Delhi:- भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध हास्य अभिनेता गोवर्धन असरानी का सोमवार शाम निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत और राजनीति दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कई बॉलीवुड हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि असरानी एक प्रतिभाशाली और बहुमुखी कलाकार थे, जिन्होंने विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों का मनोरंजन किया। उनका योगदान भारतीय सिनेमा में सदैव याद रखा जाएगा। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि असरानी ने जीवनभर लोगों को हंसाया और उनका निधन अत्यंत दुखद है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें कॉमिक टाइमिंग और बहुमुखी प्रतिभा का उस्ताद बताते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि असरानी ने दशकों तक लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। अशोक गहलोत ने कहा कि ‘शोले’ में अपने यादगार किरदार से असरानी ने फिल्म प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनकी सहज हास्य कला और शानदार करियर का स्मरण करते हुए संवेदनाएं व्यक्त की।
बॉलीवुड के सितारों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेता अनुपम खेर ने बताया कि असरानी सिर्फ हास्य अभिनेता नहीं, बल्कि एक उम्दा शिक्षक भी थे। एफटीआईआई में पढ़ाने और कई कलाकारों को मार्गदर्शन देने के कारण उन्होंने नई पीढ़ी को भी प्रभावित किया। अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा कि असरानी की कॉमिक टाइमिंग बेजोड़ थी और उनकी मुलाकात हाल ही में हुई थी, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।
गोवर्धन असरानी के निधन से भारतीय फिल्म उद्योग को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके बेजोड़ हास्य और बहुमुखी अभिनय की याद हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेगी।

