Ramgarh News:- रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तरमांडू स्थित रैन बसेरा होटल के पास यात्रियों से भरी दो ऑटो की आमने-सामने टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ से रजरप्पा की ओर जा रही यात्रियों से भरी ऑटो (संख्या जेएच 01 एफई 8644) और रजरप्पा से रामगढ़ आ रही बिना नंबर की ऑटो के बीच सड़क के बीचों-बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घायलों में हुहुआ निवासी कविता देवी (32), बरकाकाना निवासी अमर कुमार (25), गोला चौक निवासी पवन कुमार, ललिता देवी (55), बबीता देवी (30), चितरपुर निवासी योगेश महतो (50) शामिल हैं। सभी को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चितरपुर निवासी अहिल्या देवी (62) और मुरुबंदा निवासी गुड्डू देवी (55) को रिम्स रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों ऑटो को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की वजह हो सकती है। फिलहाल पुलिस दोनों ऑटो चालकों से पूछताछ कर रही है।

