Hazaribag News:- हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल में बंद कारोबारी विनय सिंह के डेमोटांड़ स्थित शोरूम को अस्थायी रूप से सील कर दिया। शोरूम के बाहर नोटिस चिपकाए जाने के बाद इलाके में हलचल मच गई। रविवार को एसीबी टीम ने यहां करीब आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की थी, जिसके बाद सोमवार को यह कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने पूरे परिसर को घेर लिया था। किसी को भी शोरूम के अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं थी। एसीबी के अधिकारियों ने इस दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी और स्पष्ट कहा कि आधिकारिक जानकारी रांची मुख्यालय से ही साझा की जाएगी
एसीबी की ओर से चिपकाए गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि रांची थाना कांड संख्या 9/25 (दिनांक 20 मई 2025) के अनुसंधान के क्रम में तलाशी अभियान पूरा नहीं हो सका था। इसी कारण शोरूम को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। एसीबी डीएसपी शातीक अनवर रिजवी ने भी इसकी पुष्टि की और बताया कि विनय सिंह के खिलाफ भूमि घोटाला और शराब घोटाला दोनों मामलों की जांच चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी विनय सिंह हजारीबाग के तत्कालीन उपायुक्त विनय चौबे के करीबी माने जाते रहे हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों मामलों की कड़ियां आपस में जुड़ी हो सकती हैं। इसी वजह से एसीबी लगातार कार्रवाई कर रही है
गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के मामलों में फंसे कारोबारी विनय सिंह पहले से ही जेल में बंद हैं। अब शोरूम सील किए जाने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। स्थानीय कारोबारी वर्ग में भी इस कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है।


