Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के गनगनिया पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव में गुरुवार को एक दुखद घटना हुई। गांव के रहने वाले सुभाष मांझी (35 वर्ष) की फतेहपुर पुल पर स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव को परिजनों के हवाले किया गया तो एक और विवाद खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस ड्राइवर ने शव लाने के नाम पर 2700 रुपये जबरन वसूल लिए।
इस घटना से आक्रोशित परिजनों और गांव वालों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग शुरू कर दी। सड़क जाम की जानकारी मिलते ही गनगनिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रामजी मंडल मौके पर पहुंचे और परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 3 हजार रुपये नकद देकर जाम हटवाया।
वहीं, पंचायत समिति प्रतिनिधि मो. मेराज और मृतक की पत्नी दुलो देवी ने बताया कि सुभाष मांझी सुबह स्नान करने के लिए फतेहपुर पुल पर गए थे, जहां पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई।
इस बीच, स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सीओ रवि कुमार और बीडीओ संजय कुमार से फोन पर हुई बातचीत में परिजनों को आश्वासन दिया गया कि सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मृतक के परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। परिजन जहां अचानक हुई इस दुर्घटना से गमगीन हैं, वहीं एम्बुलेंस कर्मी द्वारा पैसे की वसूली को लेकर लोगों में रोष भी है।


