हत्या के बाद हिंदपीढ़ी में तनाव, भारी पुलिस बल की तैनाती
Ranchi News:- हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के भट्टी चौक के पास रविवार दोपहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ कुरकुरे के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के घरों और कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की।
आरोपितों के घरों में जमकर उत्पात
मृतक के परिजनों और भीड़ ने मुख्य आरोपित अरमान के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और घरेलू सामान बाहर फेंक दिए। वहीं, पूर्व पार्षद असलम के कार्यालय को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हत्या का आरोप अरमान और आसिफ पर
साहिल की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि अरमान नामक युवक ने उसके बेटे की गोली मारकर हत्या की है। उन्होंने पूर्व पार्षद असलम के भाई आसिफ पर भी गोली चलाने का आरोप लगाया। मां का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद से आसिफ लगातार साहिल को जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने अरमान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुराना विवाद बना वजह
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि साहिल पहले आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका था। जेल में ही साहिल और असलम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें साहिल ने असलम और आसिफ के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश के चलते आसिफ, जो हाल ही में जेल से बाहर आया था, लगातार साहिल को धमकी दे रहा था। रविवार दोपहर अरमान ने साहिल को भट्टी चौक पर बुलाया और गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इलाके में तनाव, जांच जारी
हत्या के बाद से हिंदपीढ़ी इलाके में तनाव का माहौल है। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। साहिल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

