Chaibasa News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मुफ्फसिल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान शंकर बिरुवा (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बड़ा लगड़ा, थाना मंझारी का निवासी है, और वर्तमान में ताम्बो बोदरा चौक, कांडे देवगम में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि यह कार्रवाई थाना कांड संख्या 123/25 के तहत की गई। इस मामले में पहले से गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त बुधलाल अंगरिया के बयान के आधार पर यह छापेमारी की गई। बुधलाल ने स्वीकार किया था कि उसे एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस शंकर बिरुवा ने दिए थे।
इस आधार पर 25 जुलाई की शाम पुलिस टीम ने बोदरा चौक स्थित उसके किराये के मकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही शंकर बिरुवा भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे घेरकर मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसके कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बैग से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस (.32 एमएम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। युवक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका और पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने मौके से ही उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध हथियार तस्करी पर नकेल कसने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

