Patna News:- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बारातियों को रौंद दिया। हादसा लौरिया-बेतिया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227 के बिशुनपुरवा गांव के पास हुआ। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नरकटियागंज के धूमनगर से बारात लौरिया के बिशुनपुरवा पहुंची थी। बाराती सड़क किनारे खड़े थे और दुल्हन के घर की ओर बारात ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई और कई लोगों को कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर दौड़े।
हादसे के बाद तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान दिनेश कुशवाहा (40), राजेश महतो (35) और दिनेश कुशवाहा (35) के रूप में की गई है। वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। गुस्साई भीड़ ने क्षुब्ध होकर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में विकास कुमार, राजेश सहनी, अखिलेश कुमार पंडित, रवि रंजन कुमार, राजेश कुमार, सुनील शाह, पूनम देवी, मुन्ना कुमार, रिशु कुमार सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। इनमें से कुछ नरकटियागंज के धूमनगर के निवासी हैं, जबकि कई लौरिया इलाके के बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।

