सिमडेगा। जिले के बेहरीबासा पंचायत के गोईफोंगा ग्राम निवासी मोहन प्रधान(45) की साेमवार रात में धारदार हथियार से उसके घर में ही हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर मृतक के भतीजे के ससुर लक्षींदर प्रधान की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों के अनुसार मोहन प्रधान झाड फूंक करता था। सोमवार की सुबह महुआ चुनने गया था। उसके बाद पाले मुंडा ग्राम में मादक पदार्थ का सेवन कर शाम को घर आकर सो गया। गर्मी अधिक होने के कारण घर का दरवाजा बंद नहीं िकया था। पर रात में धारदार हथियार से उसके गले में वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

बताया जाता है कि मोहन प्रधान ने शादी नहीं की थी और झाड फूंक का भी काम करता था। एक दो दिन पूर्व उसके भतीजा के ससुर लक्षीन्दर प्रधान और मोहन प्रधान से कुछ कहासुनी हुई थी। दरअसल लक्षीन्दर प्रधान की बेटी और भतीजे की पत्नी बिरसमनी कुमारी दो दिन पहले पेड़ से गिर गई थी, जिससे उसका हाथ टूट गया था। इसके लिए मोहन प्रधान को ही जिम्मेवार माना जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिवार वालो के बयान के आधार पर लक्षीन्दर प्रधान को तलाश कर रही है। मोहन प्रधान के भतीजे का कहना है कि उसके घर से एक टांगी गायब है। हो सकता है कि उसी से उसके चाचा की हत्या की गई हो।