Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर जिले में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना घोघा थाना क्षेत्र के भागलपुर–पीरपैंती मुख्य मार्ग (एनएच-80) की है। मृतक की पहचान जमसी गांव निवासी सत्येंद्र सिंह राजपूत के पुत्र रोशन सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रोशन रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही घोघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। साथ ही हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मृतक के चाचा लाल बहादुर सिंह ने बताया कि रोशन पीरपैंती अपने रिश्तेदार के घर गया हुआ था। वापसी के दौरान ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। पुलिस ने घर आकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि डेढ़ साल पहले ही रोशन की शादी हुई थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-80 पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

